हिंदुस्तान लीवर लिमिटेड कंपनी में बंधक बनाकर 11 लाख रुपए की लूट


 उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार रात हिंदुस्तान लीवर लिमिटेड कंपनी में डिस्ट्रीब्यूटर की पत्नी और दो कर्मियों को बंधक बनाकर 11 लाख रुपए की लूट का पुलिस ने करीब 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस लूटकांड में कंपनी का पूर्व कर्मचारी आकाश शामिल था। उसे गोदाम की पूरी जानकारी थी। पुलिस ने आकाश को सिकंदरा थाना क्षेत्र के सुनारी चौराहे पर हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एक आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस सर्च अभियान चला रही है।

 बबलू कुमार ने बताया कि रविवार देर रात सुनारी चौराहे पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्धों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गयी। जिससे वह गिर पड़ा। उसे घेरकर पुलिस टीम ने दबोच लिया।

घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसकी पहचान आकाश गुप्ता के रुप में हुई। वह पूर्व कंपनी में काम कर चुका है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 9 लाख रुपए की नकदी बरामद की है। इस बीच मौका पाकर आकाश का दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।