कर्नाटक में 2 जनवरी तक नाइट कर्फ्यू लगा

 


महाराष्ट्र के बाद अब कर्नाटक में भी आज से नाइट कर्फ्यू लग जाएगा। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बुधवार को इसका ऐलान किया। कहा की ये नाइट कर्फ्यू 2 जनवरी तक जारी रहेगी। इसके बाद हालात का जायजा लेने के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा। नाइट कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा।

इस बीच, महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में एक बार फिर से टूरिस्ट प्लेस खोलने का आदेश जारी कर दिया है। सभी जगहों पर कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। हालांकि ये टूरिस्ट प्लेस कंटेनमेंट जोन के बाहर ही खुलेंगे। इसके साथ वाटर स्पोर्ट्स, नौका विहार, पार्क, इंडोर एंटरटेनमेंट एक्टिविटी की भी मंजूरी मिल गई है।

देश में कोरोना संक्रमण के मामले में अब केरल की हालत चिंता बढ़ा रही है। यहां हर दिन 5-6 हजार केस आ रहे हैं। यहां मंगलवार को भी 6049 मरीजों की पहचान हुई। यह कुछ दिन पहले तक टॉप पर चल रहे महाराष्ट्र के मामलों से लगभग दोगुना है। यहां मंगलवार को 3106 केस आए। केरल में अब 61 हजार एक्टिव केस हैं, जबकि महाराष्ट्र में 58 हजार।

देश में मंगलवार को 23 हजार 880 केस आए और 27 हजार 32 मरीज ठीक हो गए। 329 की मौत हुई। इस तरह एक्टिव केस में 3498 की कमी आई। देश में अब तक 1 करोड़ 99 हजार केस आ चुके हैं। 96.62 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.46 लाख की मौत हो चुकी है। कुल 2.87 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।