सड़क किनारे मिला शव कानपुर में धारदार हथियार से हत्या

 


उत्‍तर प्रदेश केे कन्नौज के तेरा मल्लू गांव के युवक की धारदार हथियार से हत्या कर शव कानपुर के बिल्हौर क्षेत्र में फेंक दिया गया। उसकी ससुराल कानपुर के गजना गांव में है। गजना से तेरा मल्लू गांव जाने वाले वाले लिंक रोड पर शव पाया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक का अपनी ससुराल वालों से विवाद चल रहा था।

कन्नौज के तेरा मल्लू गांव निवासी अनुराग कटियार (33) की छह साल पहले कानपुर के बिल्हौर थाने के गजना गांव में योगेंद्र कटियार की बेटी से शादी हुई थी। पति से विवाद के बाद पत्नी अपने मायके में रह रही है। ससुराल और अनुराग के गांव के बीच पांच किलोमीटर की दूरी है। क्षेत्र का मामला होने के नाते अनुराग का अक्सर गजना आना जाना होता था। रविवार सुबह गजना से तेरा मल्लू गांव जाने वाले रास्ते पर शव पाए जाने से सनसनी फैल गई। आसपास के गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। गजना के लोगों ने उसकी पहचान की। सिर पर धारदार हथियार से दो वार किए गए हैं।  अनुराग के परिवार के लोगों का आरोप है कि उसकी ससुराल के लोगों ने उसे शनिवार को बुलाया था। शाम को वह बाइक से ससुराल गया था।

सूचना पर कन्नौज कोतवाली पुलिस पहले मौके पर पहुंची। घटनास्थल बिल्हौर थाने का बताते हुए परिजनों को बिल्हौर कोतवाली जाने की सलाह दी। रविवार सुबह करीब 10 बजे बिल्हौर थाने से भी इंस्पेक्टर पहुंचे और कन्नौज थाने की सीमा बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। बाद में गांव की चौहद्दी निकाली गई। इससे तय किया गया कि घटनास्थल बिल्हौर का है। अंत में बिल्हौर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।