हरदोई के माधौगंज थाना क्षेत्र में मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। गुरुवार शाम लापता हुई बच्ची का शव शुक्रवार को अर्द्धनग्न अवस्था में बाग में पड़ा मिला। पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों को ढांढस बंधाया। माधौगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दंपति गुरुवार शाम गांव में एक खेत में आलू निकालने गए थे। घर में उनके छह बच्चे मौजूद थे। शाम लगभग पांच बजे वापस घर पहुंचने पर पांचवें नंबर की पुत्री (7) घर में मौजूद नहीं मिली।
दंपति ने उसे तलाशना शुरू किया। गांव के कुछ लोगों ने चार बजे के बाद बच्ची के न दिखने की जानकारी दी। तलाशने पर उसका सुराग नहीं लगा। शुक्रवार दोपहर कुछ ग्रामीणों को गांव के बाहर स्थित बाग में बच्ची का रक्तरंजित शव मिला। उन्होंने परिजनों को जानकारी दी।
घटना का पता चलने पर एसपी अनुराग वत्स, एएसपी पूूर्वी अनिल सिंह यादव, सीओ बिलग्राम विशाल यादव मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम में बच्ची के शरीर पर कई जगह दांत से काटे जाने के निशान भी मिले हैं। उसके मुंह मेें कपड़ा मिला है।
गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। परिजनों ने किसी से भी रंजिश होने की बात से इनकार किया है। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि बच्ची की गुमशुदगी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज थी, अब इसे दुष्कर्म और हत्या व पाक्सो एक्ट की धाराओं में तरमीम कर दिया गया है।