प्रभु यीशु के जन्मदिन मनाने को लेकर उत्साह

 


आगरा में मसीह समाज के घरों में प्रभु यीशु के जन्मदिन मनाने को लेकर उत्साह का माहौल है। घरों में क्रिसमस ट्री सज गए हैं। बधाई गीतों का दौर शुरू हो गया है। गिरजाघरों में साफ सफाई के बाद स्टार भी लगा दिए गए हैं। पादरी घरों पर जाकर यीशु के जीवन के बारे में प्रवचन कर रहे हैं। 

इस बार क्रिसमस की तैयारियां गिरजाघरों से ज्यादा घरों में चल रही हैं। गिरजाघरों के कैंपस में रहने वाले परिवारों ने घरों को स्टार, झंडियों से सजाने के बाद क्रिसमस ट्री लगाए हैं। वहीं गिरजाघरों में चरनी की झांकी (गोशाला) भी बनकर तैयार हो चुकी हैं। 

निष्कलंक माता महागिरजाघर के चर्च परिसर में गोशाला से लेकर हर साल सजाई जाने वाली झांकियों की शृंखला भी बनाई गई है। हालांकि इस बार इस प्रदर्शनी को आम लोगों के लिए नहीं खोला जाएगा, लेकिन चर्च के युवाओं ने प्रदर्शनी लगा दी है। फादर मून लाजरस ने बताया कि पादरी घर घर जाकर आशीष दे रहे हैं। 

पादरी टोला, सेंट जोंस चर्च कंपाउंड, सेंट मेरी चर्च कंपाउंड, सेंट पॉल्स चर्च कंपाउंड, हैवलॉक चर्च कंपाउंड में तैयारियां हो चुकी हैं। सुल्तानपुरा के आईविन बख्श ने बताया कि मसीही समाज के लोगों में उत्साह है। इस बार 24 दिसंबर की रात को गिरजाघर तो नहीं जा सकेंगे, लेकिन रात 12 बजते ही घंटे, घड़ियाल बजाकर उनके प्रभु यीशु के जन्म की खुशियां मनाएंगे। 

नैंसी ने बताया कि उन्होंने क्रिसमस पर कैंडल लाइट की है। कई जगह कैंपस में कैंप फायर के आयोजन भी होंगे।