पंडित रविशंकर उपाध्याय छेड़छाड़ में गिरफ्तार



 प्रसिद्ध पखावज वादक पंडित रविशंकर उपाध्याय को छात्राओं के साथ छेड़छाड़ में गिरफ्तार किया गया है। चाणक्यपुरी स्थित कथक केन्द्र में पढ़ रही एक छात्रा ने उनके खिलाफ छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें करने की शिकायत दी है। चाणक्यपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्जकर रविशंकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बुधवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। नई दिल्ली जिला डीसीपी डा. ईश सिंघल ने पंडित रविशंकर उपाध्याय की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार दक्षिण दिल्ली की रहने वाली छात्रा (23) चाणक्यपुरी स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ कथक में 11 वर्ष से पढ़ाई कर रही है। वह यहां से डिप्लोमा कोर्स करने के अलावा कथक भी सीख रही है। छात्रा ने चाणक्यपुरी थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह पंडित रविशंकर उपाध्याय से पखावज बजाना सीख रही थी।

उसने आरोप लगाया है कि उनका उसके अलावा कई छात्राओं के प्रति व्यवहार ठीक नहीं था। बावजूद इसके वह चुप रही। जब पैर छूती तो वह अश्लील हरकतें करते थे। ऐसा वह पिछले डेढ़ वर्ष से कर रहे थे। गत 30 जनवरी से वह व्हाट्सएप पर भद्दे व अश्लील मैसेज भेजने लगे। उसकी 15 दिसंबर को पखावज की परीक्षा थी। वह प्रेक्टिस करने केन्द्र में गई थी। यहां दो छात्राएं और थीं, लेकिन आरोपी ने उनको वापस भेज दिया।

पीड़ित छात्रा का कहना है कि आरोपी ने उसकी फोटो ले ली। इसके बाद उसे पकड़ लिया और अश्लील हरकतें करने लगे। वह किसी तरह बचकर बाहर निकली और सीनियर चंचल प्रसाद को घटना के बारे में बताया। छात्रा ने इसकी शिकायत इंस्टीट्यूट के निदेशक को भी की है। परिजनों के बताने के बाद इस संबंध में चाणक्यपुरी थाने में शिकायत की गई।



Popular posts from this blog

सचिदानंद ने संतोष को बनाया प्रान्त प्रमुख्य

कानपुर मैसोनिक फर्टेर्निटी क्लब द्वारा भोजन वितरण

भारत तिब्बत सहयोग मंच की दो दिवसीय बैठक गाज़ियाबाद में हुई सम्पन्न